झपटमार के हमले में घायल एएसआई ने तोडा दम, पुलिस विभाग में शोक व्याप्त


Delhi Police

Delhi Police



By Ekagra Gupta Posted on: 09/01/2023

दिल्ली के मायापुरी इलाके में झपटमार को पकड़ने के प्रयास में चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दिल्ली पुलिस के एएसआई शंभु दयाल ने रविवार तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दिल्ली पुलिस ने शंभु दयाल को शहीद बताते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा सहित अन्य अधिकारियों ने पूरे सम्मान के साथ एएसआई शंभु दयाल को श्रद्धांजलि दी और उनके शव पर पुष्प अर्पित किए।

दिल्ली पुलिस में शोक व्याप्त

राजस्थान के सीकर के गवली बिहारीपुर गांव के रहने वाले शंभु दयाल के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। अपने कर्तव्य का पालन करते हुए शंभु दयाल की मौत से दिल्ली पुलिस के सभी कर्मियों में शोक व्याप्त है। रविवार को उनके निधन पर दिल्ली पुलिस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि बीएलके अस्पताल में उपचार के दौरान जांबाज एएसआई शंभु दयाल शहीद हो गए हैं। हमें अपने इस बहादुर अधिकारी के साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व है। कर्तव्यपथ पर जान न्यौछावर करने वाले बहादुर एएसआइ शंभु दयाल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। दिल्ली पुलिस की ओर से ट्वीट करने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं, लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। वहीं लोगों ने मैसेज कर पीड़ित परिवार को कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की बात भी लिखी।

आरोपी के खिलाफ चलेगा हत्या का मामला

मायापुरी थाना पुलिस ने घटना के दौरान ही एएसआई पर चाकू से हमला करने वाले झपटमार अनीस को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन अब एएसआई शंभु दयाल की मौत होने के बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ दी है।

क्या था मामला

बता दें कि 4 जनवरी को शाम 4 बजे मायापुरी इलाके में एक महिला ने फोन पर झपटमारी की शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही शंभु दयाल मौके पर पहुंचे। महिला ने बताया कि एक बदमाश उसके पति से फोन झपटकर झुग्गी की ओर भागा है। पुलिस दंपति को साथ लेकर दिल्ली रेवाड़ी रेलवे लाइन के पास स्थित झुग्गियों में पहुँच गए, जहां महिला ने आरोपी को पहचान लिया। पहचान के बाद एएसआई शंभु ने बदमाश को पकड़ लिया और उसे अपने साथ थाने ले जाने लगे। थाने पहुंचने से पहले आरोपी अनीस ने अचानक अपने पास छिपाकर रखे चाकू को निकाल लिया और एएसआई शंभु पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके पेट, कमर, गर्दन सहित अनेक जगह चाकू से वार कर दिए। हमले में घायल होने के बावजूद भी शंभु ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाश को पकड़े रहे। शोर-शराबा सुनकर थाना प्रभारी रविकांत पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे और अनीस को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें