सेवा संबंधी विधेयक लोकसभा में पारित
राजधानी दिल्ली में सेवा संबंधी विधेयक लोकसभा में पारित होने के बाद सीएम केजरीवाल ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राष्ट्रीय राजधानी के लोगों की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। दिल्ली में वरिष्ठ अधिकारियों के ट्रांसफर और पदस्थापना से संबंधित दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक 2023 को लोकसभा ने पारित कर दिया गया है। विधेयक पर केजरीवाल ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और लोगों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री की किसी भी बात पर विश्वास न करें।
भाजपा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया
सीएम केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया। 2014 में मोदी ने कहा था कि प्रधानमंत्री बनने पर वह दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देंगे। लेकिन आज इन लोगों ने दिल्ली के लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है। आगे से मोदी जी की किसी भी बात पर विश्वास मत करना।''
4 घंटे की बहस के बाद दिल्ली लोक सेवा विधेयक पारित
लोकसभा में करीब 4 घंटे की बहस के बाद दिल्ली सेवा विधेयक पारित हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विधेयक पर चर्चा का जवाब दिया। तो वहीं, शाह ने स्पष्ट किया कि केंद्र शासित प्रदेशों पर कानून बनाने की शक्ति केंद्र सरकार के पास है और केंद्रशासित प्रदेश होने के नाते केंद्र को नियम बनाने का भी पूरा अधिकार है। विधेयक पर लोकसभा में चर्चा की शुरुआत करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने बिना किसी टकराव के लंबे समय तक दिल्ली में शासन किया, लेकिन समस्याएं 2015 में उस वक्त पैदा हुईं जब एक सरकार आई जिसका मकसद सेवा करना नहीं, बल्कि झगड़ा करना है।
केजरीवाल ने कहा यह विधेयक दिल्ली के लोगों को गुलाम बनाने वाला विधेयक
केजरीवाल ने विधेयक पेश होने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि यह दिल्ली के लोगों को गुलाम बनाने वाला विधेयक है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि ‘‘आज लोकसभा में अमित शाह जी को दिल्ली वालों के अधिकार छीनने वाले विधेयक पर बोलते हुए सुना है। विधेयक का समर्थन करने के लिए उनके पास एक भी तर्क नहीं है। सब इधर-उधर की फालतू बात कर रहे थे। वह भी जानते हैं, वह गलत कर रहे हैं।