Cinnamon Cultivation:- हिमाचल में होगी अब दालचीनी की खेती, पहली बार इन राज्यों में हुआ था ट्रायल


हिमाचल में होगी अब दालचीनी की खेती

हिमाचल में होगी अब दालचीनी की खेती



By शुभम पाठक Posted on: 09/02/2023

हिमाचल प्रदेश में अब दालचीनी की खेती होगी, जिसके बाद फसल पहली बार वर्ष 2025 में बाजार में आने की संभावना है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के पांच जिले हमीरपुर, सिरमौर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा में पहली बार ट्रायल के रूप में 2021 में 50 -50 पौधे लगाए गए थे। तो वर्ष 2022 में किसानों में दालचीनी की बढ़ती मांग को देखते हुए इन पांचों जिलों में करीब 10,000 के करीब अतिरिक्त पौधे लगाए गए। वही अब एक सप्ताह पूर्व हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान  पालमपुर (CSIR)  से वैज्ञानिक डॉ. रमेश चौहान के नेतृत्व में टीम ने दोबारा से इन पौधों का निरीक्षण किया है।निरीक्षण के दौरान अनुमान के अनुरूप पौधे ठीक हैं तथा पौधों की ग्रोथ भी ठीक है। अब वर्ष 2025 तक इन पौधों से दालचीनी की फसल मिलने की पूरी संभावना है। हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान पालमपुर से योजना अन्वेषक वैज्ञानिक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि दालचीनी के पौधों का निरीक्षण किया गया है। इन पौधों से चार वर्ष के बाद दालचीनी प्राप्त होती है। वर्ष 2025 तक दालचीनी की फसल मिलने लगेगी। सभी पौधे अच्छी ग्रोथ कर रहे हैं। इस परियोजना में उनके साथ डॉ. सतबीर सिंह तथा परियोजना सहायक विक्रांत सिंह, रोमिका ठाकुर, सिद्धार्थ भागला आदि भी कार्य कर रहे हैं।

दालचीनी के औषधीय फायदे

दालचीनी एक औषधीय गुणों से भरपूर है। बता दें कि दालचीनी के सेवन से बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है तो वहीं पेट गैस, कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है। सर्दी-जुकाम, हड्डियों में दिक्कत, गठिया, मोटापा, मधुमेह आदि समस्याओं से निजात पाने में दालचीनी का सेवन महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। वहीं, इसके सेवन से पाचन संबंधी समस्याओं से भी निजात मिलती है। दालचीनी का इस्तेमाल मसाले के रूप में भी किया जाता है।

ये भी पढ़े