Air India: एअर इंडिया कंपनी ने दिया 840 विमान खरीद का ऑर्डर, भारत को प्रमुख देशों से जुड़ने में मिलेगी मदद


Air India

Air India



By Vinit Mandrai Posted on: 17/02/2023

टाटा समूह की कंपनी एअर इंडिया ने एयरबस और बोइंग कंपनियों को कुल 840 विमान खरीद का ऑर्डर दे दिया है। इनमें से 370 विमान अगले 10 साल में लेने का वैकल्पिक खरीद अधिकार अपने पास रख लिया है। ये पक्के ऑर्डर पर लिए जा रहे 470 विमानों के अलावा होंगे। इससे भारत को दुनिया के हर प्रमुख देश से सीधे जुड़ने में मदद मिलेगी।

अधिकारी निपुण अग्रवाल ने क्या कहा?

ख़बर यह सामने आ रही है कि एअर इंडिया के मुख्य व्यावसायिक व रूपांतर अधिकारी निपुण अग्रवाल ने भारतीय उड्डयन क्षेत्र में इस ऑर्डर को ऐतिहासिक क्षण बताते हुए यह कहा कि इसने पूरी दुनिया में उत्साह जगा दिया है। 470 विमानों के पक्के ऑर्डर और 370 विमानों के वैकल्पिक खरीद अधिकार के लिहाज से यह डील वैश्विक उड्डयन क्षेत्र के आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी डील में से एक बताई गई है। कयास यह लगाया जा रहा है कि दो साल पहले एअर इंडिया के निजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही इस खरीद की यात्रा आरम्भ हो गई थी। एअर इंडिया ने कहा था कि एयरबस से 210 ए320/321 नियो/एक्सएलआर और 40 ए350-900/1000 विमान का क्रय किया जा रहा हैं। बोइंग से 190 की संख्या में 737-मैक्स, 20 की संख्या में 787 और 10 की संख्या में 777 विमान की खरीद की जाएगी। निपुण ने जानकारी दी कि सीएफएम इंटरनेशनल, रोल्स रॉयस और जीई एयरोस्पेस के साथ इंजनों के दीर्घ-अवधि रखरखाव का भी करार हो गया है।

भारत ने दिए कुल 1100 विमानों के आर्डर

आपको बताते चलें कि भारत से अलग-अलग घरेलू कंपनियों ने 1100 विमानों की खरीद के लिए ऑर्डर दिए हुए हैं। जिससे यह स्पष्ट होता है कि उड्डयन क्षेत्र कितनी तेजी से आगे बढ़ने की तैयारी में है। अभी देश में एयरबस के 470 विमान अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। अकेले उसके पास 850 विमानों के ऑर्डर भारतीय कंपनियों से बाकी हैं। बोइंग के 159 विमान भी सेवा प्रदान कर रहे हैं। बता दें कि एअर इंडिया का नया ऑर्डर 17 साल बाद दिया गया है। 2005 में भारत सरकार के अधीन रहते हुए कंपनी ने लगभग 1,080 करोड़ डॉलर में 111 विमानों की खरीद का ऑर्डर दिया था, जिनमें 68 बोइंग और 43 एयरबस के थे।

ये भी पढ़ें: