Delhi

भारत-पाकिस्तान सीमा पर संघर्षविराम के बाद शांति, सेना सतर्क

जम्मू-कश्मीर और भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में रविवार की रात काफी हद तक शांतिपूर्ण रही। यह जानकारी भारतीय सेना ने सोमवार सुबह दी। सेना का कहना है कि कई दिनों बाद यह पहली रात थी जब कोई गोलीबारी या अन्य सैन्य गतिविधि नहीं हुई। यह शांति भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम समझौते के बाद देखने को मिली है, जिस पर शनिवार शाम को सहमति बनी थी। दोनों देशों ने शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र पर सभी तरह की सैन्य गतिविधियां रोकने पर सहमति जताई थी।

हालांकि, इस सहमति के कुछ ही घंटों बाद श्रीनगर, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ड्रोन देखे गए, जिन्हें भारतीय सुरक्षा बलों ने समय रहते रोक दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार रात को जम्मू-कश्मीर समेत अन्य बॉर्डर इलाकों में कोई गोलीबारी नहीं हुई और स्थिति सामान्य बनी रही। आम लोगों ने राहत की सांस ली और सेना लगातार निगरानी कर रही है। लेकिन देर रात भारत सरकार ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों के बीच हुई सहमति के बावजूद पाकिस्तान ने बार-बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है।

उन्होंने कहा, "सशस्त्र बल इन उल्लंघनों का उचित और सख्त जवाब दे रहे हैं। हम इस मुद्दे को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। पाकिस्तान को भी जिम्मेदारी दिखानी होगी और स्थिति को संभालने के लिए जरूरी कदम उठाने होंगे।" सेना को अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर निगरानी और कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी उल्लंघन को सख्ती से रोकने की तैयारी पूरी कर ली गई है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया। भारत ने इस हमले के बाद "ऑपरेशन सिंदूर" चलाया, जिसमें 7 मई को पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

अब जबकि संघर्षविराम की घोषणा हो चुकी है, भारत की ओर से शांति बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन पाकिस्तान की हरकतों को देखते हुए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। फिलहाल, बीती रात की शांति के बावजूद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं कहे जा सकते। सरकार और सेना लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आम लोगों से शांति और सतर्कता बनाए रखने की अपील की गई है।

For more info: https://youtu.be/iMB6hVv3lbM?si=ucsr66DB2z7G5AWh

0 - Comments

Leave a comment