Delhi

मायावती ने दिल्ली का सरकारी बंगला सुरक्षा कारणों से खाली किया

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने नई दिल्ली स्थित 35, लोधी एस्टेट वाला अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। यह बंगला उन्हें राष्ट्रीय पार्टी की अध्यक्ष होने के नाते फरवरी 2024 में आवंटित किया गया था। जानकारी के मुताबिक, 20 मई को बंगले की चाबी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) को सौंप दी गई और Z+ सुरक्षा यूनिट को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। इस कदम के पीछे सुरक्षा कारण बताए जा रहे हैं। बंगले के सामने एक स्कूल होने की वजह से हर दिन स्कूली बच्चों, वैन और अभिभावकों की आवाजाही सुरक्षा व्यवस्था में बाधा बन रही थी। मायावती को Z+ सुरक्षा मिली हुई है, इसलिए हर बार उनके आने-जाने पर बम निरोधक दस्ते की तैनाती होती थी, जिससे स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों को दिक्कत होती थी।

हालांकि दिल्ली पुलिस ने किसी विशेष खतरे से इनकार किया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को समय रहते सूचित कर दिया गया था। मायावती इससे पहले पास के ही 29, लोधी एस्टेट में रहती थीं, जिसे अब बसपा का केंद्रीय कार्यालय बना दिया गया है। यह सब ऐसे समय पर हुआ है जब बसपा को 2024 लोकसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है और पार्टी के राष्ट्रीय पार्टी के दर्जे पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में मायावती का बंगला खाली करना केवल प्रशासनिक नहीं, राजनीतिक संकेत भी माना जा रहा है।

0 - Comments

Leave a comment