पनामा सिटी में भारत के राजदूत सुमित सेठ ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह प्रतिनिधिमंडल 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत विभिन्न देशों की यात्रा पर है और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का प्रयास कर रहा है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पनामा की प्रमुख भारतीय सांस्कृतिक संस्था सोसियेदाद हिंदोस्ताना में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान सभी ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों की याद में दो मिनट का मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह हमला पाकिस्तान प्रायोजित आतंकियों द्वारा किया गया था, जिसमें कई बेकसूर लोगों की जान चली गई थी।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पनामा सिटी के एक मंदिर में जाकर विशेष प्रार्थना की। शशि थरूर ने कहा कि यह दौरा न केवल आतंक के खिलाफ भारत की आवाज़ को दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि भारतीय संस्कृति, एकता और शांति का भी प्रतीक है।
इस यात्रा के जरिए भारतीय समुदाय को भी यह संदेश दिया गया कि देश हर भारतीय के साथ खड़ा है, चाहे वो दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न हो। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न दलों के सांसद शामिल हैं, जो भारत की एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

0 - Comments