पंजाब के अमृतसर में आज एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। यह धमाका मजीठा रोड बाईपास पर सुबह करीब 9 से 9:15 बजे के बीच हुआ। धमाके में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा। घायल व्यक्ति का एक हाथ उड़ गया था और उसका पैर बुरी तरह जख्मी हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल भिजवाया।
अमृतसर के डीआईजी सतिंदर सिंह ने बताया कि मरने वाला व्यक्ति एक आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ था और वह विस्फोटक सामग्री लेने आया था। जांच में पता चला है कि आतंकी नेटवर्क के लोग इस इलाके में विस्फोटक छिपाकर रखते थे और एक खास खंभे को निशानी के तौर पर इस्तेमाल करते थे, ताकि दूसरा व्यक्ति उसे उठाकर ले जाए।
डीआईजी ने बताया कि जब यह व्यक्ति विस्फोटक को हाथ में लेकर वहां से हटाने की कोशिश कर रहा था, तभी उसमें धमाका हो गया। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि विस्फोटक आईईडी था या ग्रेनेड, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक टीम करेगी जो मौके पर जांच कर रही है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस विस्फोटक का कहां इस्तेमाल किया जाना था और इसके पीछे किस संगठन का हाथ है। मामले की जांच तेजी से चल रही है।

0 - Comments