मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज का दिन बेहद खास रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल के दूसरे दौरे पर भोपाल जा रहे हैं। वे सुबह 11 बजे भोपाल पहुंचेंगे। इस मौके पर पीएम मोदी लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर जम्बूरी मैदान में महिलाओं को संबोधित करेंगे। इस महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में लगभग 2 लाख महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या को संभालने के लिए करीब 5 हजार पुलिसकर्मी और जवान तैनात किए जाएंगे।
प्रदेशभर से आई महिलाओं के खाने-पीने और आराम की भी पूरी व्यवस्था की गई है। इस आयोजन में महिलाओं की जिम्मेदारी अहम होगी। आयोजन के सभी प्रमुख काम नारी शक्ति को सौंपे गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को भी इस कार्यक्रम में दिखाया जाएगा। भाजपा के कई कार्यकर्ता सेना की वर्दी जैसी ड्रेस पहनेंगे, जबकि कई महिलाएं सिंदूर थीम की साड़ी में नजर आएंगी।
इस आयोजन में पीएम मोदी मध्य प्रदेश को उसकी पहली मेट्रो ट्रेन का भी तोहफा देंगे। वे वर्चुअली इंदौर मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्यों की शुरुआत भी की जाएगी।
भोपाल में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए गर्मी से बचाने के लिए पानी के फुहारों की भी व्यवस्था की गई है। पूरा शहर इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार है और प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए खास तैयारी की गई है।
For more information, visit: https://youtu.be/Pvd8PuzxlMM?si=AmjsAmObRHlnODDS
0 - Comments