UttarPradesh

काशी में 24 जून को ऐतिहासिक मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक की मेजबानी, गृह मंत्री अमित शाह और चार राज्यों के सीएम होंगे शामिल

वाराणसी यानी काशी एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रही है। 24 जून 2025 को यहां पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसकी मेजबानी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। इस अहम बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जो 23 जून को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री – उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – हिस्सा लेंगे। सभी मुख्यमंत्री केंद्रीय गृह मंत्री के स्वागत के लिए लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद रहेंगे। इसके पश्चात सभी अतिथि काशी के कोतवाल श्री काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण में डूबेंगे।

सीएम योगी की ओर से सभी गणमान्य अतिथियों के लिए विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया है, जिसमें भारतीय संस्कृति और काशी की अतिथि परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।

बैठक 24 जून को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ताज होटल में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सुरक्षा, विकास, प्रशासनिक समन्वय, और राज्यीय हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सभी राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि, और अंतरराज्यीय परिषद के अधिकारी भाग लेंगे।

प्रशासन की ओर से इस बैठक को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बीजेपी की ओर से भी गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत की भव्य योजना बनाई गई है। वाराणसी की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाते हुए 11 विभिन्न स्थानों पर अमित शाह का भव्य स्वागत किया जाएगा। ढोल-नगाड़े, शंखनाद, डमरू दल और पुष्प वर्षा के साथ पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम लोग अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।

यह पहली बार है जब काशी जैसी धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक हो रही है, जिससे न केवल काशी को राष्ट्रीय प्रशासनिक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि इस मंच के ज़रिए चार राज्यों के विकास व सुरक्षा एजेंडे को नई दिशा भी मिलेगी।

For more information, visit: https://youtu.be/Dx9y61q3rQo

0 - Comments

Leave a comment