उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के चलते धराली क्षेत्र में स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित कैंप कार्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) और ITBP (भारत तिब्बत सीमा पुलिस) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक का उद्देश्य धराली में चल रहे राहत और बचाव अभियानों की व्यापक समीक्षा करना था।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि वर्तमान में मौसम की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तेजी से चलाया जा रहा है। धराली में फंसे हर नागरिक को सुरक्षित निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न हो। हर ज़रूरतमंद व्यक्ति तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जाए और इसके लिए यदि आवश्यक हो तो अतिरिक्त संसाधनों की तत्काल तैनाती की जाए। सीएम धामी ने यह भी कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, और चिकित्सा सेवाओं के साथ भोजन व पानी की निरंतर व्यवस्था बनी रहे।
बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और सुरक्षा बल समन्वय बनाकर कार्य करेंगे ताकि राहत और बचाव कार्य प्रभावी रूप से हो सकें। मुख्यमंत्री लगातार स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और फील्ड रिपोर्ट्स के आधार पर त्वरित निर्णय ले रहे हैं।
इस पूरी कार्रवाई से साफ है कि उत्तराखंड सरकार इस आपदा को गंभीरता से ले रही है और प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
For more information, visit: https://youtu.be/47_B_ApSeWM

0 - Comments